दिव्यांगजनों के लिए 91 नए रोजगार अवसर, 28 स्टेशनों पर एटीवीएम सहायक के रूप में मिलेगा काम
प्रयागराज मंडल में पहले से 77 दिव्यांगजन यात्री सेवा से जुड़े, सात सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
प्रयागराज, 19 अगस्त (हि.स.)। दिव्यांगजनों को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयागराज मंडल ने एक और पहल की है। मंडल के 28 स्टेशनों पर स्थापित 36 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) के संचालन में सहायता के लिए 91 दिव्यांगजनों को एटीवीएम सहायक के रूप में कार्य करने का अवसर दिया जा रहा है। यह कार्य छह माह की संविदा अवधि के लिए होगा। इच्छुक अभ्यर्थी सात सितंबर 2026 को दोपहर एक बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के मार्गदर्शन में दिव्यांगजनों को यात्री सेवा से जोड़ने के लिए विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रयागराज मंडल में 77 दिव्यांगजन यात्री सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें 41 एटीवीएम सहायक, 31 सहयोग काउंटरों और एक रेल मदद सेवा से जुड़े हैं। इसके अलावा ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना के तहत चार दिव्यांगजन स्टॉल संचालक के रूप में कार्य कर रहे हैं।
28 स्टेशनों पर 91 अवसर
रेलवे के अनुसार, चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को एटीवीएम सहायक के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा। मंडल के 28 स्टेशनों पर लगी 36 एटीवीएम मशीनों के लिए कुल 91 अवसर उपलब्ध हैं। रेलवे की इस पहल से दिव्यांगजनों को रोजगार के साथ कार्यकुशलता और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर भी मिलेगा।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार काे कहा कि रेलवे का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी क्षमता के अनुसार सम्मानजनक कार्य का अवसर उपलब्ध कराना है। एटीवीएम सहायक के रूप में मिलने वाला यह अवसर उन्हें यात्री सेवा से जोड़ने के साथ आत्मनिर्भर बनने में भी मदद करेगा। उन्होंने इच्छुक और पात्र दिव्यांगजनों से निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने की अपील की।
इन स्थानों से मिलेंगे आवेदन पत्र
इच्छुक अभ्यर्थी मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रयागराज छिवकी, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला और अलीगढ़ के बुकिंग कार्यालयों से कार्यदिवसों में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र उत्तर मध्य रेलवे की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
आवेदन के साथ हाई स्कूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या राशन कार्ड में से कोई पहचान पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र तथा 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदन शुल्क 100 रुपये अप्रतिदेय निर्धारित है।
भरा हुआ आवेदन सहायक वाणिज्य प्रबंधक, वाणिज्य शाखा, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज अथवा स्टेशन निदेशक/उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर सेंट्रल स्टेशन के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर केवल संविदा आधार पर है। इसे सरकारी नौकरी नहीं माना जाएगा और भविष्य में नियमित नियुक्ति का कोई दावा मान्य नहीं होगा।
अधिक जानकारी के लिए 7905257901 पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल