चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कमजोर, अब साफ होगा मौसम
अगले तीन से चार दिनों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक होगी बढ़ोतरी, सुबह हल्का कोहरा पड़ने के आसार
प्रयागराज, 31 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव कमजोर पड़ने के साथ ही प्रदेश में मौसम साफ होने के संकेत मिलने लगे हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही व्यापक वर्षा का दौर अब धीरे-धीरे थमने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अब छिटपुट रह जाएंगी। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चक्रवाती तूफान अर्नब के अवशेष के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं के प्रभाव से लगातार कमजोर हो रहा है। इसके चलते प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही व्यापक बारिश का सिलसिला अब कमजोर पड़ने लगा है। रविवार से वर्षा की गतिविधियां कम होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों तक सीमित रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि मौसम साफ होने के बाद अगले तीन से चार दिनों में दिन के अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। इससे दिन में धूप निकलने के कारण गर्माहट महसूस होगी, जबकि रात और सुबह के समय हल्की ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
डॉ. पांडेय के अनुसार, आगामी दिनों में सुबह के समय प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा पड़ सकता है। हालांकि, धूप निकलने के साथ ही कोहरा जल्द छंट जाएगा। कुल मिलाकर बारिश से राहत मिलने के बाद मौसम में सुधार होने और आसमान साफ रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल