माटीकला के 15 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, तीन को पुरस्कार
- प्रथम को 15 हजार, द्वितीय को 12 हजार और तृतीय को 10 हजार रुपये मिले
मीरजापुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में शनिवार को मंडल स्तरीय माटीकला पुरस्कार कार्यक्रम हुआ। इसमें मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र के 15 प्रतिभागियों ने अपने बनाए मिट्टी के उत्पादों का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया गया।
प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार, द्वितीय को 12 हजार और तृतीय पुरस्कार पाने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रुपये के साथ शील्ड और प्रमाणपत्र दिए गए। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने पुरस्कार वितरित किए।
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की टूलकिट योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में चयनित लाभार्थियों को पॉपकॉर्न मशीनें भी दी गईं। विधायक ने जूट बैग भी वितरित किए। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सोनभद्र के जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतम त्रिपाठी, भदोही के राजेश कुमार सिंह, पवन कुमार, महेश कुमार, माटीकला विशेषज्ञ प्रतिभा पांडेय, राम सजीवन दुबे और जवाहर सिंह समेत विभागीय कर्मचारी व लाभार्थी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा