मीरजापुर में आंधी -तूफान में बहा पांटून पुल, थम गई आवाजाही
मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मिर्जापुर में तेज आंधी-तूफान ने मंगलवार रात जोपा-रामपुर घाट पांटून पुल की रफ्तार थाम दी। छानबे क्षेत्र के जोपा गांव के सामने गंगा नदी में बना यह पुल आंधी के झोंकों को नहीं झेल सका और इसके दो पीपा करीब 200 मीटर दूर बह गए। बुधवार सुबह जैसे ही लोग पुल पार करने पहुंचे, उनके कदम ठिठक गए।
पुल बंद होने से भदोही के गोपीगंज, जंगीगंज और ज्ञानपुर जाने वाले व्यापारी व मजदूर मायूस नजर आए, वहीं मीरजापुर के लालगंज से लेकर मध्यप्रदेश तक आवाजाही करने वाले लोग भी परेशान हो गए। हालात ऐसे रहे कि बाइक सवार और पैदल यात्री जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे गंगा पार करने को मजबूर दिखे।
कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी भदोही के अवर अभियंता अंशू मिश्र ने बताया कि मरम्मत कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है। करीब डेढ़ दर्जन मजदूरों को लगाया गया है और नए पीपा की व्यवस्था की जा रही है। बह गए पीपा को वापस खींचकर जोड़ने का काम भी जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौसम ने साथ दिया तो शाम तक पुल पर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा। हालांकि लोगों की निगाहें अब आसमान पर टिकी हैं, क्योंकि एक और आंधी आई तो मरम्मत कार्य फिर प्रभावित हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा