मीरजापुर : तीन मौतों के बाद कुदारन में बवाल, जाम के दौरान पुलिस-ग्रामीण आमने-सामने
-पथराव के बाद लाठीचार्ज, कई पुलिसकर्मी घायल, घंटों बाधित रहा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग
मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन गांव में ट्रक हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद गुरुवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन व ग्रामीणों ने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई। पथराव होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के भी चोटिल होने की सूचना है।
सुबह करीब आठ बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण कुदारन चौराहे पर एकत्र होकर सड़क पर बैठ गए। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के बाद माहौल अचानक उग्र हो गया और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख मौके पर पीएसी और आसपास के थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर सड़क खाली कराई। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। बाद में पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।
घंटों जाम से यात्रियों और कर्मचारियों की बढ़ी परेशानी
कुदारन चौराहे पर जाम के कारण वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने वाराणसी से सोनभद्र जाने वाले वाहनों को अदलहाट से इमलिया चट्टी मार्ग की ओर तथा सोनभद्र से वाराणसी आने वाले वाहनों को अहरौरा-जमुई-इमलिया चट्टी मार्ग से डायवर्ट किया। इससे ड्यूटी पर जाने वाले शिक्षक, बैंक कर्मचारी, निजी संस्थानों के कर्मी और अन्य यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन राजकुमार मीणा का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा