जौनपुर की साइबर पुलिस ने 240 गुमशुदा मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए
जौनपुर, 31 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में साइबर क्राइम सेल ने मंगलवार को 240 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कीमत लगभग 56 लाख रुपये आंकी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों से संबंधित प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना जौनपुर की टीम ने तकनीकी सहायता से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। उन्होंने बताया कि ये मोबाइल केवल जौनपुर जनपद ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही समेत अन्य जिलों से भी प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा कुछ मोबाइल दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों से भी बरामद किए गए।
अब तक साइबर क्राइम सेल द्वारा करीब 1400 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने आमजन से अपील करते हुए कहा किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर जाकर भी लिखित शिकायत की जा सकती है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव