पुलिस ने लौटवाया लाखों की ज्वेलरी का बैग, पीड़िता के चेहरे पर आई मुस्कान

 


फिरोजाबाद, 29 अप्रैल (हि.स.)। थाना उत्तर पुलिस टीम ने बुधवार को महिला के लाखों की ज्वेलरी के गुम हुए बैग को सकुशल बरामद कर पीड़िता के सुपुर्द किया है। बैग पाकर पीड़िता के चेहरे पर मुस्कान आई है।

थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार ने बताया कि 26 अप्रैल को थाना लाइनपार के छारबाग निवासी शिवानी पत्नी सुदामा शर्मा ने थाना उत्तर पर सूचना दी कि वह अपने भाई सौरभ शर्मा के साथ अपने मायके फिरोजाबाद में किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मलित होने के लिये आ रही थी। कुबरेपुर आगरा से फिरोजाबाद के लिये आटो बुक किया था। जब आटो से जैन मन्दिर पर उतरी तो वह अपना बैग आटो में भूल गयी है। बैग में शिवानी की करीब 6-7 लाख रूपये की कीमती ज्वैलरी रखी थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। जिन्होंने जांच पड़ताल के साथ ही सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच की। जिसके बाद पुलिस टीम ने अथक प्रयास कर बैग को खोजकर पीड़िता शिवानी के सुपुर्द किया है।

लाखों की ज्वेलरी का बैग पाकर पीड़िता के चेहरे पर खुशी आ गई। पीड़िता ने पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़