पुलिस का दावा, मृतक महिला व उसके किसी सदस्य से नहीं की गई मारपीट

 


फिरोजाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत गांव लभऊआ निवासी महिला की मौत के मामले में पुलिस का दावा है कि महिला व परिवार के अन्य सदस्य के साथ कोई मारपीट नहीं की गई है।

एएसपी शिकोहाबाद, आईपीएस जयबिंद कुमार गुप्ता का कहना है कि 13 सितंबर की शाम को थाना शिकोहाबाद पर दर्ज मुकदमे से संबंधित संदिग्ध गौरव को पूछताछ के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा थाना शिकोहाबाद लाया गया था। गौरव को थाने लाए जाने के दौरान उसकी पत्नी अंजली अथवा अन्य परिजनों के साथ किसी पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट नहीं की गयी है। थाने पर गौरव को लाए जाने के उपरान्त जी०डी० में तस्करा दर्ज किया गया तथा 14 सितंबर की सुबह पूछताछ के उपरान्त गौरव को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। इसी दौरान गौरव की गर्भवती पत्नी अंजली को उसके परिजनों द्वारा प्रसव के लिए घर से अस्पताल ले जाया गया, जहां बच्चे को जन्म देने के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। इस प्रकरण में मृतका अंजली का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में कोई एक्सटर्नल इंजरी नहीं पायी गयी है।

इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 06 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है। सम्पूर्ण प्रकरण की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़