पिता की मौत के पांच महीने बाद बेटी ने भी छोड़ा साथ, विषैले जंतु के काटने से किशोरी की मौत
मीरजापुर, 09 अगस्त (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया ग्राम पंचायत के डोहर मोहल्ले में रविवार शाम विषैले जंतु के काटने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। पति की मौत के बाद मेहनत-मजदूरी कर बेटियों का पालन-पोषण कर रही मां के सामने अब छोटी बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
डोहर निवासी स्वर्गीय पप्पू तिवारी की 14 वर्षीय बेटी रमता उर्फ गोलू रविवार शाम करीब पांच बजे अपनी मां सोना देवी से बर्तन मांजने की बात कहकर घर के अंदर गई थी। करीब 15 मिनट तक वह बाहर नहीं आई तो मां उसे देखने अंदर पहुंची। वहां गोलू अचेत अवस्था में पड़ी मिली। मां के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जुट गए। परिजन उसे निजी साधन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. विवेक खरे ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिकित्सक ने बताया कि किशोरी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
मृतका की मां सोना देवी ने बताया कि उसके पति पप्पू तिवारी की तीन मार्च को गुजरात में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनकी दो बेटियां थीं, जिनमें रमता छोटी थी। पति की मौत के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर दोनों बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी। अब छोटी बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा