जौनपुर, : हत्या के प्रयास मामले में वांछित आरोपित पिस्टल के साथ गिरफ्तार
जौनपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना पुलिस ने अवैध पिस्टल से फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपित संदीप यादव को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, मैगजीन और एक अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुई है।
सोमवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर चंद्रशेखर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जलालपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। दो अक्टूबर 2026 को मझगवां खुर्द निवासी विनोद कुमार दुबे की तहरीर पर संदीप यादव पुत्र अशोक यादव निवासी नेवादा, थाना जलालपुर और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 109(1), 352 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव