पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय के वार्षिकोत्सव में झूमे बच्चे, प्रदर्शनी में दिखी विज्ञान की उड़ान

 


मीरजापुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कुशहां (द्वितीय) में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयाेजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिसर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विज्ञान प्रदर्शनी और सम्मान समारोह से दिनभर गुलजार रहा। मुख्य अतिथि अपना दल (एस) की विधानसभा क्षेत्र छानबे से विधायक रिंकी कोल ने बच्चाें की प्रतिभा काे सराहा।

कार्यक्रम में आठवीं की छात्रा साक्षी देवी ने शास्त्रीय शैली में दुर्गा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। अन्य छात्राओं ने राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रिंकी कोल ने बच्चों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में पवन चक्की, वायुमंडल की परतें, अस्पताल मॉडल, इसरो रॉकेट, जल विद्युत संयंत्र तथा पुरातात्विक क्षेत्र से संबंधित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए। विधायक रिंकी कोल विधायक ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने का सपना देखने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर वर्ष भर 95 प्रतिशत उपस्थिति वाले आठवीं के राज पाठक, सातवीं की अनन्या तथा छठवीं की गरिमा गौतम को मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं आठवीं के जयवीर और निखिल को सर्वश्रेष्ठ छात्र का पुरस्कार प्रदान किया गया।

प्रधानाध्यापिका अनीता मिश्रा ने आगंतुकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन यूपीएस विजयपुर के प्रधानाध्यापक अमरेश चंद्र शुक्ल ने किया।

समारोह में बीडीओ रामपाल, बीईओ राजेश श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य देवराज सिंह, राजेन्द्र पाठक, राजकुमार दुबे, मुन्ना सिंह गहरवार, नितिन तिवारी, अनूप पांडेय, उदय नारायण तिवारी, मुकेश चंद्र, मनोरमा देवी, ऊषा देवी, कृतिका श्रीवास्तव, राजेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा