पीएम सूर्य घर योजना की श्रेणी में उत्तर प्रदेश को उत्कृष्ट सम्मान मिला : एके शर्मा
वाराणसी, 06 जून(हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर योजना की श्रेणी में उत्तर प्रदेश को उत्कृष्ट सम्मान मिला है। यह सम्मान पीएम सूर्य घर योजना में अच्छा कार्य करने के चलते मिला है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुए कार्यक्रम में दो दिन पूर्व ही यूपी ने सम्मान प्राप्त किया है।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि आज वाराणसी में पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत आने वाले अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की गई है और इस योजना को और भी तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों की तरफ से दिए गए सुझाव को बिंदुवार नोट किया गया है और आगे इस पर निर्णय लेकर कार्य किया जाएगा।
मंत्री ने आगे कहा कि पर्यावरण दिवस के रूप में हमने कल का दिन एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम कर मनाया है। पीएम सूर्य घर योजना भी पर्यावरण की दृष्टि से बहुत उपयोगी योजना है, इसीलिए आज अधिकारियों के साथ यहां बैठक की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे विश्व में ग्लोबल वार्मिंग का जो संदेश दिया है उसमें यह योजना भी है। इस कारण वाराणसी में इस बैठक को रखा गया। मौका मिलने पर आगे भी समीक्षा बैठक यहां रखी जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद