प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी से फूटा वाराणसी के जनप्रतिनिधियों का गुस्सा, अजय राय के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

 


वाराणसी, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सिगरा स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता की।

इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के साथ में संसदीय क्षेत्र से जुड़े जनप्रतिनिधियों में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र उपाख्य दयालु, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र राय ने संयुक्त रूप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी की घोर निंदा की और बारी बारी अपनी बातों को रखा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि अजय राय आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और बीच बीच में उनके द्वारा अभद्र टीका टिप्पणी की जाती है, उनके ऊपर मुकदमें दर्ज हैं। प्रधानमंत्री के सम्मान में शासन से अजय राय पर कार्रवाई की मांग करते हैं।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि किसी पर टिप्पणी के पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। इनके विरुद्ध वाराणसी के चेतगंज थाना, सिगरा सहित विभिन्न स्थानों पर 38 के करीब मुकदमें दर्ज हैं। यहां तक कि हमें यह भी शक है, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के पीए की हत्या भी इन्हीं के इशारे पर हुई है। अपराधी विचार के व्यक्ति का राजनीति में होना भी गलत है। जहां मोदी राम के जैसे है, अजय राय रावणरूपी हैं, क्योंकि अजय राय की अभद्र टिप्पणी से वाराणसी की जनता में आक्रोश है, शासन जल्द कार्रवाई करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद