वाराणसी : 23 वर्ष की आयु पूरी होने पर छात्रा शिवानी को मिला 10 लाख रुपये का चेक

 


वाराणसी, 23 सितंबर (हि.स.)। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को लाभार्थी शिवानी को 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। जिलाधिकारी ने शिवानी को उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगे की पढ़ाई जारी रखने और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत आच्छादित बच्चों के लिए जिलाधिकारी को वैधानिक अभिभावक नामित किया गया है। इसी दायित्व का निर्वहन करते हुए जिलाधिकारी ने शिवानी को वित्तीय सहायता का चेक सौंपा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर शिवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहायता से उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण संबल मिलेगा। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र भी उपस्थित रहे। यह योजना 29 मई 2021 काे उन बच्चाें के लिए शुरू की गयी थी जिन्होंने कोविड महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो दिया था। ताकि ऐसे अनाथ बच्चों को अपना भविष्य संवारने में आर्थिक रूकावट न आए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी