मल्टीपर्पज हॉल से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिलेंगी : जिलाधिकारी

 


कानपुर, 03 मई (हि.स.)। खेलो इंडिया योजना के तहत तैयार हो रहा यह मल्टीपर्पज हॉल क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए अब खिलाड़ियों को भटकना नहीं पड़ेगा। यह परियोजना खेल संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

यह बातें रविवार को कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही। कल्याणपुर विकासखंड के ग्राम मकसूदाबाद में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मल्टीपर्पज हॉल अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष फिनिशिंग तथा विद्युतीकरण का काम तेजी से कराया जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होते ही बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे खिलाड़ियों को एकीकृत खेल वातावरण मिल सकेगा।

करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना को 30 सितंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हॉल का मुख्य ढांचा पूरी तरह तैयार हो चुका है। साथ ही बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है। परिसर में इंटरलॉकिंग, ड्रेनेज व्यवस्था और बाहरी विकास से जुड़े अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि आंतरिक फिनिशिंग, विद्युत कार्य और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप ही पूरा होना चाहिए। इस अवसर पर युवा कल्याण अधिकारी आरती जायसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप