एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का एहसास : मनीष शुक्ला

 


लखनऊ, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान न केवल पर्यावरण की रक्षा करता है, बल्कि यह हमें प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है। यदि हम सभी मिलकर इस अभियान में भाग लें और पेड़ लगाएं, तो हम एक स्वच्छ, हराभरा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभकारी होगा।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने गुरुवार को गोमती नगर में शास्त्रार्थ फाउंडेशन की ओर से आयोजित 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता को रेखांकित करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना है। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में एक वृक्ष को 10 पुत्रों के समान कहा गया है।

इस कार्यक्रम को मां के सम्मान से जोड़ने के नाते प्रत्येक नागरिक अपने को सहभागी महसूस कर रहा है। पत्रकार व राजनीतिक विश्लेषक राजीव रंजन सिंह, समाजसेवी जाह्नवी सिंह, भाजपा युवा नेता आशीष जायसवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इसके पूर्व पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षा तथा 2047 में प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत परिकल्पना पूर्ण होने के लिए एक हवन का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मिथलेश मिश्रा, शक्ति श्रीवास्तव, मोनी सिंह, शैलेन्द्र अवस्थी विनोद अग्रवाल आदि लोग थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला