असम से आए तीर्थयात्रियों का चुनार में स्वागत, भावुक हुए अतिथि
मीरजापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से असम के मनोहारी टी स्टेट के 30 श्रमिकों का तीर्थयात्री दल भारत दर्शन यात्रा पर निकला है। सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद दल चुनार के रामबाग स्थित सुरभि शोध संस्थान पहुंचा, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
श्रीराधाकृष्ण वनवासी छात्रावास में अध्ययनरत असम व उत्तर-पूर्वी राज्यों के विद्यार्थियों ने पारम्परिक रीति-रिवाजों से अतिथियों का स्वागत किया। इस आत्मीयता से अभिभूत तीर्थयात्री भावुक हो उठे और संस्थान के वातावरण की सराहना की। संस्थान प्रवास के दौरान यात्रियों ने गौशाला में गाैमाता का पूजन किया और गाै सेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। संस्थान की ओर से अतिथियों को गो सेवा साहित्य व हनुमान चालीसा भेंट की गई।
दल के सदस्याें में रूपम गोगोई, दिलीप पुटी, बासु नायक व अजीत मुरास ने काशी व अयोध्या दर्शन को अविस्मरणीय अनुभव बताया। इस मौके पर संस्थान के डायरेक्टर सूर्यकांत जालान, प्रभारी अमित चतुर्वेदी व प्रबंधक दीपक सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा