शाकाहार-सदाचार अपनाकर मानव धर्म की राह पर चलें : पंकज महाराज

 


मीरजापुर, 11 सितंबर (हि.स.)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के संत पंकज महाराज के सानिध्य में निकाली जा रही 108 दिवसीय शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा शुक्रवार को हलिया विकासखंड के मवईकलां गांव पहुंची। यहां यात्रा के 22वें पड़ाव पर आयोजित सत्संग में संत पंकज महाराज ने लोगों को सदाचार और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि मानव शरीर बड़े सौभाग्य से मिलता है। इसका सदुपयोग कर मनुष्य को अपना लोक और परलोक दोनों संवारने का प्रयास करना चाहिए। संसार के जीवन को स्वप्न के समान बताते हुए उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद मनुष्य को अपने कर्मों का फल भोगना पड़ता है। इसलिए जीवन रहते ईश्वर की सच्ची भक्ति और अच्छे कर्मों की ओर बढ़ना चाहिए।

पंकज महाराज ने जाति-पांति के विवादों को मन की उपज बताते हुए कहा कि मनुष्य की एक ही जाति है और उसका वास्तविक धर्म मानव धर्म है। निःस्वार्थ सेवा, सदाचार, करुणा और आपसी सद्भाव मानव धर्म के प्रमुख गुण हैं। उन्होंने लोगों से शाकाहारी और सदाचारी जीवन अपनाने तथा शराब सहित अन्य घातक नशों से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक जागरूकता और सच्चे नाम के स्मरण से मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। इस दौरान जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, रामखेलावन यादव, राम प्रकाश, लल्लन सिंह, ग्राम प्रधान महेश पाल तथा महाराजगंज संगत के वीरेंद्र कुमार, संतदीन और बैजनाथ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा