स्वामी गुदरिया वाले महाराज आश्रम का 1.47 करोड़ से होगा कायाकल्प

 


फिरोजाबाद, 05 जून (हि.स.)। जिले के थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक मदनपुर स्थित ग्राम रजौरा में मौजूद सिद्ध स्थल श्री स्वामी गुदरिया वाले महाराज आश्रम' का अब बड़े पैमाने पर पर्यटन विकास किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्य के लिए योगी सरकार द्वारा 1.47 करोड़ रुपये की धनराशि को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भर के आध्यात्मिक सर्किट और स्थानीय आस्था के केंद्रों को पर्यटन की दृष्टि से भव्य बनाया जा रहा है। श्री स्वामी गुदरिया वाले महाराज आश्रम में होने वाले इस पर्यटन विकास कार्य से न केवल इस प्राचीन स्थल की भव्यता में चार चांद लगेंगे, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। इस मास्टर प्लान के तहत परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण, स्वच्छ पेयजल की उचित व्यवस्था, जगमग प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), श्रद्धालुओं के रुकने के लिए विश्रामालय का निर्माण और आश्रम तक पहुंचने वाले मार्गों को पूरी तरह सुदृढ़ किया जाएगा।

- आस्था के साथ खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

ग्राम रजौरा और आसपास के ग्रामीण अंचलों के लिए यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी। यह केवल एक धार्मिक स्थल का विकास मात्र नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलेगी। जब यह आश्रम एक प्रमुख पर्यटन और आस्था के केंद्र के रूप में और अधिक विकसित हो जाएगा, तो दूर- दराज से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा होगा। लोगों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय स्तर पर छोटे दुकानदारों, फूल-प्रसाद विक्रेताओं और परिवहन क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास संभव हो सकेगा।

पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों को संवारने का काम तेजी से किया जा रहा है। शासन से 1.47 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद, जल्द ही संबंधित कार्यदायी संस्था के माध्यम से यहां निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ यह काम पूरा हो, ताकि श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें और फिरोजाबाद का नाम पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़