शिकायत का निस्तारण समय से नहीं हुआ तो अधिकारी पर होगी कार्रवाई : जयवीर सिंह

 


फिरोजाबाद, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को अपने निज आवास सिरसागंज में जनता दर्शन लगाकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनता की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की शिकायत का निस्तारण समय से नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जनसुनवाई के दौरान जनपद व अन्य जनपदों से आए फरियादियों की शिकायतों को एक-एक कर सुना। उन्होंने शिकायतों से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया की शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुछ प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से सीधे फोन पर वार्ता कर शिकायतों को निस्तारित कराया।

पर्यटन मंत्री ने उप जिलाधिकारी सिरसागंज व पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजकर मामलों को निस्तारित कराए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शिकायतकर्ता की शिकायत का निस्तारण समय से नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान नगला खुशहाली तहसील सिरसागंज के निवासीगणों ने शिकायत की कि चकमार्ग संख्या 312 स्थित ग्राम नगला खुशहाली में कुछ कास्तकारों ने चकमार्ग को जबरिया जोतकर अपने खेत में मिला लिया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। इस मामले में पर्यटन मंत्री ने उप जिलाधिकारी सिरसागंज को जांच कर प्रकरण को निस्तारित करने के निर्देश दिए।

इसी तरह ग्राम खेड़ा खुर्द पोस्ट कोरारी खेड़ा के निवासी अजय कुमार व अमित कुमार द्वारा शिकायत की गई कि उनके खेत पर दबंगों द्वारा जबरन अवैध कब्जा कर लिया गया है। पर्यटन मंत्री ने उप जिलाधिकारी को मौके पर राजस्व विभाग की टीम भेजकर जांच करने तथा दोनों पक्षों की सहमति से प्रकरण को निस्तारित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी सिरसागंज और पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़