प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे हैं अभूतपूर्व कार्य : जयवीर सिंह
फिरोजाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर में 3.78 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए पर्यटन विकास कार्यों तथा नौशहरा स्थित रामलीला मैदान में 01 करोड़ 15 लाख 36 हजार रुपये की लागत से कराए गए बाउंड्रीवॉल आदि निर्माण कार्यों का जनसमर्पण किया। दोनों परियोजनाओं पर कुल 4 करोड़ 93 लाख 36 हजार रुपये खर्च किए गए हैं।
नौशहरा स्थित रामलीला मैदान में संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा कराए गए बाउंड्रीवॉल सहित अन्य निर्माण कार्यों के जनसमर्पण से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। रामलीला मैदान में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए व्यवस्थाएं बेहतर होंगी। वहीं शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर में पर्यटन विभाग द्वारा 3.78 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की मंशा है कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आस्था के केंद्रों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हों।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान उसकी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से है। प्रदेश सरकार इस विरासत को संरक्षित करने के साथ ही नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक आयोजन स्थलों का विकास हमारी परंपराओं को मजबूती प्रदान करने के साथ क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। अयोध्या, काशी और मथुरा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसी कड़ी में फिरोजाबाद जनपद के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों का भी विकास कराया जा रहा है। दोनों विकास परियोजनाओं के जनसमर्पण से शिकोहाबाद और नौशहरा क्षेत्र के लोगों को विकास की नई सौगात मिली है। इन कार्यों से धार्मिक गतिविधियों, सांस्कृतिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विस्तार मिलेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत, सुशील यादव जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा, दयाशंकर गुप्ता, रघुवर दयाल गुप्ता, महेश अग्रवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष विशाल गुप्ता, सरमन सिंह बघेल, गोपाल सिंह आर्य, विक्रम कुशवाह, रामवीर शर्मा, स्नेहलता कुशवाह आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़