मीरजापुर : एमएलसी चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता, 15 अक्टूबर की जनसभा को सफल बनाने का आह्वान

 


- भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया का मीरजापुर में स्वागत, जिला कार्यालय पर संगठनात्मक बैठक में बनी रणनीति

मीरजापुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया का सोमवार को बरौधा कचार स्थित पंडित दीनदयाल पुरम कॉलोनी के भाजपा जिला कार्यालय पर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के बाद जिला कार्यालय के सभागार में वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें आगामी 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जनसभा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों में पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करे। प्रभावी जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चुनावी अभियान को गति देने पर उन्होंने जोर दिया।

मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए जुटने का निर्देश

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने 15 अक्टूबर को जिले में प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसभा की सफलता के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण है। सभी आपसी समन्वय और जनसंपर्क के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से निरंतर संवाद चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा हैं।

बैठक में जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी, नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्रा, चुनार विधायक अनुराग सिंह, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, एमएलसी विनीत सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, ओमप्रकाश केशरी, पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तर कुमार मौर्य, मनोज जायसवाल और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीराम कोल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा