वाराणसी : सहकारिता भवन के बाहर अवैध पार्किंग कराते दुकानदार, बार-बार हटाती यातायात पुलिस
वाराणसी, 02 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में छावनी क्षेत्र के अंतर्गत नदेसर मार्ग पर सहकारिता भवन के बाहर बड़ी संख्या में वाहनों की अवैध पार्किंग की जा रही है। यातायात पुलिस के पुलिसकर्मियों के बार बार कार्यवाही और हटाने की कोशिश करने के बावजूद स्थानीय दुकानदारों की ओर से वाहनों को खड़ा कराया जा रहा है। यातायात व्यवस्था में जुटे पुलिसकर्मी निरंतर लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए मना करते हैं, लेकिन दुकानदार नहीं मानते है।
यातायात व्यवस्था में जुटे पुलिसकर्मियों के अनुसार छावनी क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर सहकारिता भवन बना है। सहकारिता भवन के बाहरी हिस्से पर छोटी बड़ी कई दुकानें हैं। इन दुकानों पर आने जाने वाले लोगों के वाहन वहीं बाहर खड़े होते हैं। इन्हें रोका जाता है लेकिन दुकानदार नहीं मानते हैं जबकि इस स्थान पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, छावनी परिषद का एक बोर्ड भी लगा है। जिस पर साफ-साफ लिखा है कि यहां वाहन खड़ा करने पर जुर्माना लगेगा।
वही, यातायात पुलिस के पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार ने अपने निर्देश में कहा है कि शहर की प्रमुख मार्गों पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग नहीं होने दिया जाए। ऐसी स्थिति में तत्काल ही वाहनों को हटवाया जाए या जुर्माना लगाने की कार्यवाही की जाए। दुकान के सामने वाहन खड़ा कराने वाले दुकानदारों पर भी आवश्यक कार्यवाही कराएं।
सहकारिता से जुड़े संतोष कुमार ने बताया कि सहकारिता भवन से जुड़ा समस्त कार्य भीतर की बिल्डिंग में होता है। जहां पार्किंग की पर्याप्त जगह है। यहां बाहर की बिल्डिंग में जो दुकाने हैं, उनसे जुड़े वाहनों को सड़कों पर खड़ा करने से समस्या होती है। उसके लिए कई बार दुकानदारों से वार्ता भी हुई है लेकिन दुकानदार नहीं मानते।
उल्लेखनीय है कि सहकारिता भवन के ठीक सामने ताज होटल है। जहां देश-विदेश से पर्यटकों एवं प्रमुख लोगों का आवागमन होता है। ऐसी स्थिति में ताज होटल के सामने अवैध रूप से पार्किंग होती है, जो शहर की यातायात पुलिस की व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न भी खड़ा करती है। वहीं, दुकानदारों की तरफ से वाहनों के विषय पर चुप्पी साध ली जाती है, कुछ भी स्पष्ट कहा नहीं जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद