तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चल रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान : उमरे

 


प्रयागराज में रेलवे ने निकाली तिरंगा रैली, नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रयागराज, 13 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को अपने घरों पर गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह बातें प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहीं।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को प्रयागराज मंडल में तिरंगा रैली निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने मंडल कार्यालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश दिया।

तिरंगा रैली मंडल कार्यालय से शुरू होकर प्रयागराज जंक्शन पहुंची। यहां सिटी साइड स्थित पोर्टिको में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आम लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गर्व और एकता की भावना बढ़ाना है।

प्रयागराज मंडल की ओर से लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल