मीरजापुरः सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के बयान पर परशुराम सेना ने फूंका पुतला

 


मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। सनातन धर्म और ब्राह्मण समाज को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव शंकर यादव के कथित अभद्र बयान के विरोध में ब्राह्मण समाज में नाराजगी है। रविवार को विंध्याचल थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव में परशुराम सेना के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गांव के मुख्य द्वार पर शिव शंकर यादव का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।

प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मामले की शिकायत करते हुए मांग की कि सनातन धर्म और ब्राह्मण समाज के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाए। सदस्यों ने कहा कि किसी भी धर्म और समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। ऐसे बयानों से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पार्टी नेतृत्व इस मामले में कार्रवाई नहीं करता है तो आगामी विधानसभा चुनाव में इसका राजनीतिक असर देखने को मिल सकता है।

प्रदर्शन में संतोष तिवारी, जय प्रकाश मिश्र, सर्वजीत शुक्ला, मुकेश शुक्ला, दिलीप शुक्ला, धीरज दुबे, सर्वेश दुबे, राजू तिवारी, विजय मिश्र, अम्बुज तिवारी और अमन शुक्ला सहित अन्य लोग शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा