ओजोन परत की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : प्रो. उमेश कुमार सिंह
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर भाषण, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी और कविता प्रस्तुति
प्रयागराज, 16 सितंबर (हि.स.)। ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके संरक्षण के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। यह बातें इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज के समन्वयक प्रो. उमेश कुमार सिंह ने विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
सेंटर ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज की ओर से बुधवार को विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘ग्लोबल एक्शन फॉर ए कूलर प्लैनेट’ विषय पर कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें विभाग के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में एमएससी प्रथम सेमेस्टर के छात्र अमन सिंह ने ओजोन परत के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ओजोन परत के क्षरण, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संबंधी चुनौतियों पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई।
एमएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा शुष्मा यादव ने कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम को रचनात्मक स्वरूप दिया। विद्यार्थियों ने विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर एक वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया, जिसमें ओजोन परत के महत्व, उसके क्षरण से उत्पन्न खतरों और संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को दर्शाया गया।
इस अवसर पर सेंटर ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज के समन्वयक प्रो. उमेश कुमार सिंह के साथ शिक्षक डॉ. कुमार सुरंजित प्रसाद, डॉ. पवन कुमार झा और डॉ. जितेंद्र अहिरवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को ओजोन परत के संरक्षण के साथ व्यापक पर्यावरणीय चुनौतियों को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंत में स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण के लिए जागरूकता बढ़ाने तथा सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल