विधायक त्रिभुवन राम ने युवाओं एवं बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
वाराणसी, 14 नवंबर (हि.स.)। वाराणसी में विधानसभा क्षेत्र अजगरा के चौबेपुर गांव में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से शनिवार काे
“नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम का आयाेजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक त्रिभुवन राम ने युवाओं एवं स्कूली बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्हाेंने कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना संदेश दिया।
विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए काम करने की जरूरत है। स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अब देश का युवा नशा नहीं, तकनीक से जुड़ रहा है। नशा छोड़िये, तकनीक से जुड़िये।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान से जुड़े प्रेम शंकर तिवारी, शिवम चतुर्वेदी, डीके सिंह, हीरू सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोहन बाबू, जिला मंत्री पिछड़ा मोर्चा अजय गुप्ता अकेला, मंडल महामंत्री मुक्ति मौर्य, मंडल उपाध्यक्ष सोनू कनाैजिया सहित सैकड़ों की संख्या में बच्चे एवं युवा उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद