फिरोजाबाद : मिशन शक्ति' अभियान में छात्रा नीति दुबे बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, बालिकाओं से की मन लगाकर पढ़ने की अपील
फिरोजाबाद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद में मिशन शक्ति' अभियान के अंतर्गत बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को एक विशेष एवं प्रेरक पहल की गई। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय डबरई की कक्षा 8 की छात्रा नीति दुबे को एक दिन का सांकेतिक जिलाधिकारी बनने का गौरव प्राप्त हुआ।
एक दिन की जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण करने के उपरांत नीति दुबे ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा, जन-सुनवाई में आए फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य यह साबित करना है कि बालिकाओं के अंदर प्रशासनिक और सामाजिक नेतृत्व करने की विशाल और अग्र क्षमता मौजूद होती है। सही अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।
बालिकाओं को यह संदेश देना कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिसके बल पर वे जीवन में हर बुलंदी और ऊंचाई को हासिल कर सकती हैं। एक दिन का जिलाधिकारी बनाया जाना केवल एक प्रतीकात्मक कदम नहीं है, बल्कि यह जिले की तमाम बालिकाओं और छात्राओं के मन में नए सपने गढ़ने और उन्हें पूरा करने का अटूट आत्मविश्वास भरता है।
इस मौके पर नीति दुबे ने कहा कि पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय डबरई की छात्रा के रूप में आज का दिन मेरे जीवन का सबसे अविस्मरणीय दिन है। इस अनुभव ने मेरे सपनों को नई दिशा दी है। मैं जिले की सभी बहनों से अपील करती हूँ कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, क्योंकि शिक्षा से ही हम आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि 'मिशन शक्ति' के तहत इस प्रकार के आयोजनों से बालिकाओं में नेतृत्व कौशल विकसित होगा और वे भविष्य में प्रशासनिक व अन्य उच्च सेवाओं में जाने के लिए प्रेरित होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़