रक्षाबंधन पर मीरजापुर की 500 माताओं-बहनों को मिला सम्मान का उपहार, तीन दिन मुफ्त बस यात्रा

 


मीरजापुर, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर मातृशक्ति को सम्मान और सुविधा का तोहफा मिला। बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के ऑडिटोरियम में बुधवार को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के शुभारंभ का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, सहकारिता चेयरमैन जगदीश सिंह पटेल और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान 500 माताओं-बहनों को साड़ी और मिठाई का डिब्बा देकर सम्मानित किया गया।

कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक परिवहन निगम की बसों में माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की माताओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है।

मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या और मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने भी योजना को महिलाओं के लिए उपयोगी बताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा