मीरजापुर में कांवड़ मार्ग में गड्ढों पर मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी, दुरुस्त करने के दिए निर्देश

 


- कांवड़ मार्ग का मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निरीक्षण

मीरजापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मिर्जापुर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने शनिवार को नगर के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क मरम्मत, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भरूहना स्थित जीडी बिनानी कॉलेज के पास सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे पर मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल मरम्मत कराने या मजबूत बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने बरियाघाट से घोरावल के शिवद्वार मंदिर तक कांवड़ मार्ग पर गड्ढे भरने, मार्ग समतल करने, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार और विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। नगर पालिका और जिला पंचायत राज विभाग को नियमित सफाई व कीटनाशक छिड़काव तथा विद्युत विभाग को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए।

डीआईजी पूनम ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी तथा हाईवे पर डिवाइडर और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, नगर पालिका और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा