उप्र के दौरे पर पांच नवंबर को आएंगे नितिन गडकरी, जौनपुर में करेंगे मुंगराबादशाहपुर बाइपास का शिलान्यास
-गडकरी के दौरे को लेकर रूट डायवर्जन लागू, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 500 से अधिक पुलिसकर्मी
जौनपुर, 4 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के पांच नवंबर को जनपद जाैनपुर आएंगे। उनके मुंगराबादशाहपुर आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। वे यहां जौनपुर में मुंगराबादशाहपुर बाइपास का शिलान्यास करेंगे। मंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर गुरुवार सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए चार क्षेत्राधिकारी सहित 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
प्रयागराज से जौनपुर आने वाले भारी और सामान्य वाहनों को फूलपुर थाना क्षेत्र के बरना तिराहे से जंघई और मछलीशहर होते हुए भेजा जाएगा। दूसरा मार्ग बरना तिराहे से गाजी का बाग, फतनपुर और सतहरिया होकर निर्धारित किया गया है। जौनपुर से प्रयागराज जाने वाले वाहनों के लिए भी इन्हीं मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा। मुंगराबादशाहपुर-तलहटी मोड़-पुरऊपुर नहर-पांडेपुर-बरना पुल-फूलपुर मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में रखा गया है। बरना तिराहे से आने वाले वाहनों को सीमा पर बैरियर लगाकर इटहरा की ओर भेजा जाएगा। तरहटी तिराहे से कार्यक्रम स्थल की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उन्हें जंघई की ओर मोड़ा जाएगा। जंघई से प्रयागराज, प्रतापगढ़ और जौनपुर जाने वाले भारी वाहन मछलीशहर होकर गुजरेंगे। मुंगराबादशाहपुर थाने के पास जंघई चौराहे से प्रयागराज की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में चार सीओ, 40 से 50 इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष, 100 से अधिक उपनिरीक्षक सहित कुल 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें महिला पुलिसकर्मी, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और पीएसी के जवान भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी और आम लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर उन्हें निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव