फिरोजाबाद की शिक्षाविद् निर्मला यादव बनी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सदस्य, परिवार में खुशी की लहर
फिरोजाबाद, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की शिक्षाविद् और पूर्व प्राचार्य निर्मला यादव को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया है। बुधवार को इसकी जानकारी सामने आने के बाद परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार का कहना है कि यह जिले के लिए गर्व की बात है।
शिक्षाविद् निर्मला यादव मूलरूप से जनपद एटा की रहने वाली हैं। उनका विवाह फिरोजाबाद जिले के शहर शिकोहाबाद स्थित उरावर के जमींदार परिवार में हुआ था। शिकोहाबाद शहर में उनका परिवार उरावर हाउस के नाम से जाना जाता है। उनके पति हरेंद्र सिंह यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रहे हैं। निर्मला यादव ने शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक काम किया है। वह बीडीएम डिग्री कॉलेज की प्राचार्य रहीं। इसके बाद उन्होंने फिरोजाबाद के स्टेशन रोड स्थित महात्मा गांधी महाविद्यालय में भी प्राचार्य के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2021 में वह सेवानिवृत्त हुईं। निर्मला यादव के परिवार में एक बेटी श्वेता है, जिसकी शादी हो चुकी है। श्वेता के पति बीएसएफ में अधिकारी हैं, जो वर्तमान में जोधपुर में तैनात बताए गए हैं।
निर्मला यादव की जेठानी बीनू यादव ने बताया कि उरावर हाउस में पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और जनसंघ से जुड़े नेताओं की बैठकें भी होती थीं। उस समय कई वरिष्ठ नेता घर आते थे। परिवार के लोग उनके स्वागत और भोजन की व्यवस्था करते थे। उन्होंने बताया कि निर्मला यादव का परिवार से लगातार संपर्क बना हुआ है। वह समय-समय पर शिकोहाबाद स्थित घर आती रहती हैं। कभी बेटी तो कभी अपने एटा स्थित मायके भी रहती है।
इधर निर्मला यादव को ट्रस्ट में सदस्य बनाए जाने की खबर के बाद फिरोजाबाद जिले के साथ शिकोहाबाद शहर व उरावर हाउस में खुशी का माहौल है। परिवार के लोगों और शुभचिंतकों ने इसे गर्व का विषय बताते हुए खुशी जाहिर की है।
बीनू यादव का कहना है कि परिवार को उम्मीद थी कि निर्मला यादव को किसी विश्वविद्यालय में कुलपति की जिम्मेदारी मिल सकती है, लेकिन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में सदस्य बनना उससे भी बड़ी खुशी और गर्व की बात है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़