फर्रुखाबाद: नाइन कोर पर कार्य करके समृद्ध बनेगी पंचायतें, सचिवों और पंचायत सहायकों ने लिया प्रशिक्षण
फर्रुखाबाद,30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में नवाबगंज ग्राम पंचायतों व जिला पंचायतों में अब विकास कार्य नए तरीके से कराए जाएंगे। इसके तहत नौ थीम पर आधारित विकास योजनाएं बनाई जाएंगी, जिससे पंचायतें आत्मनिर्भर और समृद्ध बन सकें।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत मास्टर ट्रेनर सुरेन्द्र पाण्डेय व प्रतिभा कटियार ने नवाबगंज विकास खण्ड सभागार में ग्राम सचिवों एवं पंचायत सहायकों को गुरुवार को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का शुभारंभ खण्ड विकास अधिकारी अमरेश चौहान ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी अमरेश चौहान ने बताया कि अब विकसित भारत संकल्प और आजीविका मिशन के लिए गारंटी (बीबी जीपी) में भी नए तरीके से कार्ययोजना निर्धारित की गई है। ग्राम पंचायतों में अन्य कार्य भी अलग-अलग योजनाओं में होंगे, लेकिन सभी कार्य अब अलग ढंग से होंगे। प्रशिक्षण के उपरान्त सभी लोग अपनी-अपनी पंचायत में और बेहतर ढंग से कार्य कर पाएंगे।
इस अवसर पर डीडी कृषि अरविंद मोहन मिश्रा, डीपीएम जटाशंकर मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी किसन पाल सिंह, सचिव अनुपम बाजपेई, कामता प्रसाद, बृजेश कुमार, वेद प्रकाश सिंह, प्रमोद शुक्ला सहित सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायक और सचिव मौजूद रहे।
नौ थीम पर बनेगी विकास योजना
प्रशिक्षण में बताया गया कि नए कार्यक्रम के तहत अब पंचायतों की विकास योजनाएं इन नौ बिंदुओं पर आधारित होंगी।
1. गरीबी मुक्ति और उन्नत आजीविका पंचायत
2. स्वस्थ पंचायत
3. बाल हितैषी पंचायत
4. जल पर्याप्त पंचायत
5. स्वच्छ एवं हरित पंचायत
6. स्वावलंबी आधारभूत संरचना वाली पंचायत
7. सामाजिक न्याय वाली पंचायत
8. सुशासन वाली पंचायत
9. महिला हितैषी पंचायत
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar