बिना अनुमति संचालित नौ बसों का चालान, चार बसें ब्लैकलिस्ट
औरैया, 07 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त लखनऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कवच 2.0 के तहत एआरटीओ औरैया एनसी शर्मा के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना अनुमति संचालित की जा रही नौ बसों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर चार बसों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। विभाग की कार्रवाई से अनधिकृत यात्री वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों पर यात्री बसों की जांच की। इस दौरान वाहनों के परमिट, पंजीकरण, फिटनेस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में कई वाहन निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप संचालित होते नहीं पाए गए। ऐसे वाहनों के खिलाफ विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालान किए। कार्रवाई की जद में आए एक बस मालिक ने मौके पर ही ऑनलाइन जुर्माना जमा कराया।
अधिकारियों के अनुसार, अनधिकृत यात्री वाहनों का संचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। बिना वैध अनुमति या आवश्यक दस्तावेजों के सड़क पर दौड़ने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा ऐसे वाहनों के संचालन से सरकार को मिलने वाले राजस्व को भी नुकसान पहुंचता है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन कवच 2.0 के तहत अनधिकृत यात्री वाहनों के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। चेकिंग अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में नियम विरुद्ध संचालन करने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ एनसी शर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना परमिट या निर्धारित नियमों के विपरीत यात्री वाहन संचालित करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे सभी जरूरी दस्तावेज और वैध परमिट के साथ ही वाहनों का संचालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार