रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, राजस्व निरीक्षक निलंबित
सोनभद्र, 06 जून (हि.स.)। दुद्धी तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर जांच का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को बताया की आज दुद्धी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भाजपा मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है तथा संबंधित के विरुद्ध अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। मामला संज्ञान में आते ही व प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ही राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार अथवा अनुचित आचरण की शिकायत प्राप्त होती है और जांच में आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी