हाइटेंशन लाइन के चपेट में आकर नाबालिग युवक की मौत, परिजनों के साथ ग्रामीणों ने लगाया जाम

 


सोनभद्र, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में कोन थाना क्षेत्र में बकरी चरा रहा एक नाबालिग युवक खेत में मंगलवार को मात्र साढ़े चार फीट ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने बताया कि कोन थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पड़रक्ष निवासी रमाशंकर का पुत्र संदीप कुमार (17) मंगलवार को दोपहर में खेत में बकरी चरा रहा था। संदीप लगभग 03 बजे वह एकाएक खेत के ऊपर से निकल रहे हाइटेंशन तार की चपेट में आकर झुलस गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन समेत ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और शव को पिपरहवा चौराहे पर ले जाकर सड़क जाम कर दी। ग्रामीण मौके पर सक्षम अधिकारी को बुलाने और उचित कार्रवाई करने की मांग पर अड़े रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त साढ़े चार फीट की ऊंचाई पर झूलता हाईटेंशन तार को ऊपर कराने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारी, कर्मचारी को कहा गया था तब भी कोई सुनवाई नहीं हुई। मौके पर पुलिस प्रशासन मौजूद हैं। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी