शादी से वापस लौट रही कार पलटी, तीन की मौत
सोनभद्र, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की सुबह के वक्त वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर लोढ़ी के पास एक वैवाहिक कार्यक्रम से वापस लौटते समय एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल कार चालक को बेहतर इलाज के ट्रामा सेंटर बीएचयू भेजा है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने बताया की शुक्रवार को कोन थाना क्षेत्र के सासनई गांव से शादी के लिए बारात रायपुर थाना क्षेत्र के पौनी गांव से आयी थी। शादी के बाद रात्रि दो बजे आठ लोग जायलो कार में बैठकर अपने घर के लिए वापस निकले थे। सुबह 03.30 बजे यह लोग जैसे ही राबर्ट्सगंज लोढ़ी के पास पहुंचे, तभी चालक को नींद की झपकी आ गई जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को मेडिकल कालेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में डाक्टरों ने कोन थाना क्षेत्र के सासनई गांव निवासी जितेंद्र साहनी (18), दिलीप पासवान (20) और नितेश यादव (25) को मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों का इलाज किया जा रहा हैं। कार चालक छोटे लाल को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बीएचयू भेज गया है। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी