एनसीसी एचीवर्स अवार्ड से सम्मानित हुए मीरजापुर के निहाल

 


मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। एनसीसी के स्थापना दिवस पर नई दिल्ली स्थित महानिदेशक मुख्यालय में आयोजित एनसीसी एचीवर्स अवार्ड-2026 समारोह में उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में छानवे क्षेत्र के गौरा (भिलगौर) गांव निवासी पूर्व एनसीसी कैडेट निहाल सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर युवाओं और एनसीसी कैडेटों में उत्साह देखा जा रहा है।

समारोह में एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स तथा एनसीसी एलुमनी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश निशाना ने निहाल सिंह को सम्मानित किया। देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 22 पूर्व एनसीसी कैडेटों को इस प्रतिष्ठित समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिनमें मीरजापुर के निहाल सिंह भी शामिल रहे।

यह सम्मान एनसीसी के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व कैडेटों को प्रदान किया जाता है। निहाल सिंह की उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

उनके सम्मानित होने पर एक राष्ट्र-एक चुनाव के जिला सह संयोजक अंकित तिवारी, राहुल तिवारी, ओम दुबे, सौरभ पांडेय, हिमांशु सिंह, अमित, हरिओम सहित अनेक लोगों ने गुरुवार को प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मीरजापुर के लिए गौरव का क्षण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा