प्रत्येक छात्रा अपने कौशल, उपलब्धियों और कॅरियर लक्ष्यों को पेशेवर ढंग से करें प्रस्तुत : डॉ. अनामिका बाजपेयी
लखनऊ, 26 फरवरी (हि.स.)। नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेन्द्र नगर, लखनऊ में आज “बियोंड आर्डिनरी स्ट्रक्चर्ड डिसीजन मेकिंग एंड कॅरियर स्ट्रेटजी फॉर इमर्जिंग वूमेन स्कॉलर्स” विषय पर विशेष अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता अमेरिका से डॉ. अनामिका बाजपेयी फाउंडर डायरेक्टर वेदांता सेंटर फॉर अकादमिक एंड प्रोफेशनल मेंटरशिप एक्सीलेंस (वी केप मेंटरशिप) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का स्वागत भाषण महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षिका प्रो. मंजुला उपाध्याय ने दिया तथा मंच संचालन डॉ. विनीता सिंह ने किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) तथा मिशन शक्ति टीम का विशेष योगदान रहा। सत्र में मार्गदर्शन, शिक्षिकाओं का अनुभव, कौशल विकास और कॅरियर निर्माण की रणनीतियों पर गहन चर्चा हुई और छात्राओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद हुआ जिसमें उन्होंने अपने जीवन-लक्ष्यों को साझा किया। किसी छात्रा ने वैज्ञानिक संप्रेषण को अपनाने की इच्छा जताई, किसी ने औषधि कंपनियों में चिकित्सकीय लेखन को अपना लक्ष्य बताया और न्यायालयिक विज्ञान, जैव-प्रौद्योगिकी, जैव-चिकित्सा स्नातकोत्तर कार्यक्रम, एफ.एस.एल. प्रयोगशालाएँ, अनुसंधान कार्यक्रम तथा मोबाइल न्यायालयिक इकाइयां को अपने भविष्य का मार्ग बताया। साथ ही लक्ष्य की स्पष्टता, वित्तीय स्वतंत्रता, जीवनवृत्त निर्माण, नेटवर्किंग और सहयोग जैसे विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. अनामिका बाजपेयी ने सत्र में यह भी प्रेरणा दी गई कि प्रत्येक छात्रा को अपना लिंक्डइन प्रोफ़ाइल बनाना चाहिए ताकि वे अपने कौशल, उपलब्धियों और कॅरियर लक्ष्यों को पेशेवर ढंग से प्रस्तुत कर सकें और वैश्विक स्तर पर नेटवर्किंग एवं सहयोग के अवसर प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रो. संगीता कोतवाल, आईक्यूएसी संयोजक द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी संकाय की शिक्षिकाएं तथा छात्राएं उपस्थित रहीं। यह व्याख्यान छात्राओं को कॅरियर रणनीति, मार्गदर्शन, व्यावसायिक सहयोग और डिजिटल मंचों पर अपनी पहचान बनाने की वास्तविक समझ भी प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह