उत्तर प्रदेश भयमुक्त और विकास पथ पर अग्रसर : प्रेमपाल धनगर

 


फिरोजाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की थीम पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ जनपद फिरोजाबाद के विकास भवन के प्रांगढ़ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गयी। जिसका अवलोकन जन प्रतिनिधियों ने किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को जन प्रतिनिधियों द्वारा प्रमाण पत्र सौपें गए। साथ ही हैल्प डेस्क के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को लाभान्वित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इस मौके पर विधायक प्रेमपाल धनगर ने विस्तार से नौ साल की उपलब्धियों का वर्णन किया। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षाें में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढ़ांचा, कृषि, रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखा है।

आज प्रदेश भयमुक्त और विकास पथ पर अग्रसर राज्य बन चुका है। प्रदेश सरकार द्वारा अपनायी गयी अपराध और अपराधियों के विरूद्ध जीरो टाॅलरेंस की नीति से अपराधों में निरंतर कमी आई है, वहीं, मिशन शक्ति, महिला हैल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090 एंटी रोमियो स्काॅड के माध्यम से महिाला सुरक्षा को मजबूत किया गया है।

प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्राप्त हुए है, जिससे 60 लाख रोजगार केे अवसर सृजित हुए है, अब प्रदेश एक्सप्रेस वे प्रदेश बन चुका है, देश के कुल एक्सप्रेस वे कुल नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है, वर्तमान में 22 एक्सप्रेस वे या तो संचालित है या तो निर्माणाधीन है।

मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि यह नौ वर्ष उत्तर प्रदेश को विकसित भारत की दिशा में ले जाने वाले निर्णायक वर्ष साबित हुए है।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी, बीएसए आशीष पाडेय, पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी के0एम0 सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़