राष्ट्रीय लोक अदालत में 85 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण

 


- 7.65 लाख रुपये वसूला गया जुर्माना

मीरजापुर, 09 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में कुल 85,116 मुकदमों का निस्तारण किया गया, जबकि विभिन्न मामलों में 7.65 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, मृतकों और घायलों के परिजनों को 3.54 करोड़ रुपये से अधिक का प्रतिकर अवार्ड पारित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ला, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी सत्य प्रकाश, नोडल अधिकारी संतोष कुमार गौतम और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पल्लवी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों और बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण और वादकारियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 38 मामलों का निस्तारण करते हुए 2.94 करोड़ रुपये प्रतिकर के रूप में मृतकों और घायलों के परिजनों को दिलाए। परिवार न्यायालय में 33 वैवाहिक मामलों का निस्तारण हुआ। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में 2735 मामलों का निस्तारण कर 7.25 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।

राजस्व न्यायालयों में सबसे अधिक 52,078 मामलों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा आरटीओ विभाग ने 10,129 चालानों का निस्तारण कर 3.27 करोड़ रुपये शमन शुल्क वसूला। ई-चालान यातायात के 2704 मामलों में 9.53 लाख रुपये जुर्माना जमा कराया गया।

लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली, चिकित्सा, नगर पालिका, श्रम और उपभोक्ता फोरम समेत विभिन्न विभागों के मामलों का भी निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारीगण और पराविधिक स्वयंसेवकों ने सहयोग प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा