वृद्धा ने पुल से नहर में लगाई छलांग, मौत
फिरोजाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत रेलवे स्टेशन के पास नहर पुल से रविवार को एक वृद्धा ने नहर में छलांग लगा दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से वृद्धा को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला रोड निवासी रजिया बेगम (60) रविवार को पड़ाव मोहल्ला निवासी अपनी बेटी मुदीना के घर आई थीं। उनके दो बेटे झांसी की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। बेटी से मिलने के बाद वह घर लौटने के लिए निकलीं। बस पकड़ने के लिए वह ई-रिक्शा से जा रही थीं। रेलवे स्टेशन के पास नहर पुल पर उन्होंने रिक्शा रुकवाया और नहर में छलांग लगा दी। महिला को नहर में कूदता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर माधौगंज पुलिस चौकी प्रभारी ऋषभदेव भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला को बाहर निकलवाया। पुलिस ने उन्हें सीपीआर दिया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इस सम्बन्ध में शिकोहाबाद इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि महिला ने किन कारणों से नहर में छलांग लगाई, इसकी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज, फिरोजाबाद भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़