नाग पंचमी पर गंगा पूजन की भीड़ को सतर्क रखने के लिए घाटों पर लाउडस्पीकरों से सतर्कता चेतावनी
वाराणसी, 16 अगस्त(हि. स.)। वाराणसी में सावन माह में नागपंचमी के अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ दर्शन और गंगा पूजन के लिए आने वाली भीड़ के मद्देनजर जल पुलिस ने गंगा घाटों पर सतर्कता रखते हुए लाउडस्पीकर से सतर्क रहने की चेतावनी देनी आरंभ कर दी है। घाटों पर लाउडस्पीकरों से गूंजती चेतावनी को सुनकर लोगों ने गंगा के बढ़े जल में उतर कर घूमना फिरना बंद कर दिया है। साथ ही, पत्थरों की सीढ़ियों के अलावा कही उतरकर स्नान करना भी बंद किया है।
गंगा नदी के जलस्तर की प्रतिदिन वृद्धि हो रही है, वर्तमान समय में ऊपर की सीढ़ियों पर पानी आ पहुंचा है। जिसके बाद से जल पुलिस पूरी तरह से सावधान हो कर कार्य कर रही है। वाराणसी में जल पुलिस के इंचार्ज सुधीर त्रिपाठी ने लाउडस्पीकर चेतावनी पर कहा कि सावन के सोमवार को ही नागपंचमी पड़ जाने से गंगा पूजन करने वाली भारी भीड़ घाटों पर आएगी। जिसको देखते हुए लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लाउडस्पीकर से अभी से लोगों से अपील की जा रही है, श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। गंगा घाटों का संपर्क टूट गया है, ऐसे में श्रद्धालु जल में ना उतरे। किनारे पर ही स्नान और पूजन करें। इसके साथ ही जल पुलिस के जवानों ने नावों पर सवार हो कर घाटों पर भी निगरानी कर रखी है। नाग पंचमी और आगे भी लोगों को सतर्क रखने के लिए लाउडस्पीकर से आग्रह किया जाता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद