मीरजापुर: लूसा स्टेशन पर 20 जुलाई से फिर रुकेगी मुरी एक्सप्रेस, क्षेत्रवासियों में खुशी

 


मीरजापुर, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में राजगढ़ क्षेत्र के लूसा रेलवे स्टेशन पर 20 जुलाई से मुरी एक्सप्रेस का ठहराव फिर शुरू होगा। रेल मंत्रालय की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी होने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। करीब पांच वर्षों बाद ट्रेन का ठहराव बहाल होने से आसपास के सैकड़ों गांवों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मीरजापुर सांसद अनुप्रिया पटेल के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने लूसा स्टेशन पर मुरी एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दी है। इसके बाद प्रयागराज मंडल के रेल प्रशासन की ओर से 20 जुलाई से ट्रेन के नियमित ठहराव के निर्देश जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि पठानकोट-जम्मू तवी मार्ग पर संचालित मुरी एक्सप्रेस का लूसा स्टेशन पर लगभग पांच वर्ष पहले ठहराव बंद कर दिया गया था। इसके बाद राजगढ़, ददरा, दरवान, भवानीपुर, भीटी, नदिहार समेत आसपास के सैकड़ों गांवों के यात्रियों को दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज और अन्य शहरों की यात्रा के लिए मिर्जापुर रेलवे स्टेशन तक जाना पड़ता था।

क्षेत्रीय लोगों ने कई बार इस ट्रेन के ठहराव की मांग उठाई थी। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से रेल मंत्रालय तक मामला पहुंचने के बाद अब इस मांग को मंजूरी मिल गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रेन के दोबारा ठहरने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

लंबे इंतजार के बाद पूरी हुई मांग

लूसा स्टेशन पर मुरी एक्सप्रेस का ठहराव बंद होने के बाद क्षेत्र के लोगों को वर्षों तक परेशानी उठानी पड़ी। अब 20 जुलाई से ठहराव बहाल होने पर लोगों ने केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा