गौतम हत्याकांड के आरोपित के घर पर चला बुलडोजर
शाहजहांपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में गौतम हत्याकांड के मुख्य आरोपित समीर के घर पर गुरुवार को नगर पंचायत ने कथित अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, पीएसी, महिला पुलिस, दमकल कर्मी और नगर पंचायत कर्मचारी तैनात रहे।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर प्रभात राय और कांट नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को कमलनैनपुर निवासी गौतम (20) की दिलावरपुर के पास चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना में समीर और उसके पिता समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद करने के लिए पुलिस समीर को लेकर दिलावरपुर पहुंची थी। वहां उसने झाड़ियों में छिपाया गया चाकू निकालकर एक आरक्षी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में समीर पैर में गोली लगने से घायल हो गया था।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। अगले दिन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर कांट कोतवाली के सामने हाईवे जाम कर दिया था। करीब आठ घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा था।
पुलिस समीर, उसके पिता लियाकत, तदिम, राजा और घटना की साजिश रचने के आरोपित अश्वनी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
नगर पंचायत के अधिकारियों के अनुसार, समीर और उसके परिवार को कथित अवैध निर्माण के संबंध में नोटिस जारी कर निर्माण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया था। निर्धारित समय में नोटिस का जवाब नहीं मिलने और अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद गुरुवार को कार्रवाई की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में परिवार का सामान घर से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से अवैध निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का अनुपालन नहीं होने पर पुलिस बल की मौजूदगी और अधिकारियों की निगरानी में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा