फिरोजाबाद : मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना ने संवारी मनीष की जिंदगी, ढाबा व्यवसाय को मिली ऊंचाई

 


फिरोजाबाद, 29 जुलाई (हि.स.)। जीवन में संकटों का पहाड़ जब टूटा तब दृढ़ इच्छा शक्ति और ‘‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना‘‘ का मनीष ने सहारा लिया और आज वह सफल युवा व्यावसायिक के रूप में सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। मनीष आज अन्य युवाओं को भी प्रेरित और प्रोत्साहित कर रहे हैं।

फिरोजाबाद शहर के रामनगर निवासी मनीष कुमार के जीवन में दुखों का सिलसिला तब शुरू हुआ, जब 2015 में उनके पिता और 2016 में उनकी माता का निधन हो गया। उनके ऊपर से परिवार का संबल टूट गया और भाइयों ने भी अपनी राय अलग कर ली। अकेले पड़े मनीष के पास न तो पढ़ाई जारी रखने का रास्ता बचा था और न ही कोई दृढ़ आय का साधन, परंतु अपने स्वामित्व की थोड़ी सी भूमि पर उन्होंने हार न मानते हुए स्वयं का एक छोटा सा ‘‘फैमिली ढाबा‘‘ शुरू करने का निर्णय लिया। शुरुआत में संसाधनों की कमी के कारण व्यवसाय को गति देना काफी कठिन था। ग्राहकों की आवश्यकता के अनुसार आवश्यक उपकरण (फ्रिज, फ्रीजर) न होने से सामान जल्दी खराब हो जाता था और ढाबे के लिए राशन भी दैनिक आधार पर थोड़ा-थोड़ा खरीदना पड़ता था।

ऐसे समय में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना मनीष के लिए वरदान साबित हुई। इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने पर उन्हें बैंक के माध्यम से पांच लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक संबल ने उनके व्यवसाय का पूरा परिदृश्य ही बदल दिया। अब मनीष ने इस राशि से ढाबे के लिए फ्रिज खरीदा, जिसमें ठंडा पानी और मक्खन जैसी जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं का उचित भंडारण संभव हो सका। ढाबे पर डाइनिंग टेबल, कुर्सियां और नए बर्तन बढ़ाए गए, जिससे ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगी। अब वह कच्चा माल थोक में खरीद कर स्टोर कर लेते हैं, जिससे रोज-रोज की भाग दौड़ से मुक्ति मिली और थोक के सामान लेने से लागत में भी बचत होने लगी।

आज मनीष का फैमिली ढाबा सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होकर वह न केवल अपने दैनिक आजीविका सम्मानजनक ढंग से चला रहे हैं, बल्कि अन्य युवाओं के लिए स्वावलंबन और उधमशीलता की नई मिसाल पेश कर रहे हैं।

अपनी सफलता से उत्साहित मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का आभार व्यक्त किया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़