मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से मोहित ने रचा इतिहास, रेलवे भर्ती परीक्षा में पाया प्रथम स्थान
फिरोजाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से फिरोजाबाद के मोहित कुमार ने जुनून के बल पर न केवल अपने सपने को सच किया है बल्कि इतिहास रचा है। मोहित ने रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित स्वास्थ्य एवं मलेरिया निरीक्षक की भर्ती परीक्षा में उत्तर मध्य रेलवे ‘‘प्रयागराज जोन‘‘ में परीक्षा पास कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी रमेश रंजन के नेतृत्व में जनपद के युवाओं को न केवल अपनी प्रतिभा के अनुसार मुकाम मिल रहा है, बल्कि यह अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनने का भी कार्य कर रहे हैं। कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हो और सही मार्गदर्शन मिल जाए, तो सफलता की राह आसान हो जाती है। जनपद फिरोजाबाद के मोहित कुमार ने इस बात को सच कर दिखाया है। अपने जुनून के बल पर और अपने सपने को सच करने हेतु उन्होंने कठोर श्रम किया। उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का बड़ा हाथ रहा है। उन्होंने फिरोजाबाद के एन.डी. कॉलेज शिकोहाबाद स्थित अभ्युदय कोचिंग सेंटर से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस केंद्र का उद्देश्य ऐसे होनहार छात्रों को मुफ्त कोचिंग और संसाधन उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक सीमाओं के कारण बड़े शहरों के महंगे संस्थानों में नहीं जा पाते हैं।
शासन की इस योजना से मोहित के साथ-साथ अन्य युवा भी सफलता की ऊँचाइयां चढ़ रहे हैं। इसके अलावा शासन की इसी लाभकारी योजना से प्रशिक्षित होकर नितिन प्रताप ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर का पद प्राप्त किया, जबकि पंकज का चयन सीआरपीएफ में हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़