बड़ी-बड़ी गौशालाओं को खोलो, कांजी हाउस की जरूरत नहीं : मुख्यमंत्री मोहन यादव

 


वाराणसी, 10 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में नमो घाट पर आयोजित गोवर्धन पूजनोत्सव कार्यक्रम के मंच से मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मैंने अपने राज्य में कांजी हाउस बंद करा दिए हैं। अब मैं अपील करता हूं कि बड़ी-बड़ी गौशालाओं को खोलो, कांजी हाउस की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा गौशालाएं खुलेंगे तो दूध का उत्पादन भी बढ़ेगा। दूध का उत्पादन बढ़ेगा तो देश में अभी मध्य प्रदेश दूध उत्पादन में तीसरे स्थान पर है। बाद में दूध उत्पादन में पहले स्थान पर आ जाएगा। इसके लिए ज्यादा-ज्यादा गौशाला खोलने का आह्वाहन किया जा रहा है। इसके लिए हमारी सरकार 30 प्रतिशत अनुदान भी दे रही है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज वाराणसी के नमो घाट पर आपके बीच आकर बढ़िया आनंद आ रहा है। भगवान श्री कृष्णा के लीलाओं में दिखता है कि वह बाल्य काल से ही निडर है। जो निडर है, वही श्रीकृष्ण है। भगवान श्री कृष्ण ने कालिया नाग को जिस तरह से हराया और यह बताया कि नदी का जल सबका है। साथ ही माखन की सप्लाई रोक कर यह भी बता दिया कि एकता की क्या शक्ति है। भगवान श्री कृष्ण ने अपनी लीलाओं से समाज को बहुत सारा ज्ञान दिया है।

इससे पहले गोवर्धन पूजनोत्सव समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का मंच पर माला पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंच पर पहुंचते ही हर-हर महादेव का उद्घोष कर समिति के अन्य सदस्यों ने भी काशी की परंपरागत स्वागत का परिचय दिया। वहीं, नमो घाट पर जय कन्हैया लाल की और जय यादव जय जय माधव का नारा लगाते लोगों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का बनारसी अंदाज में स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद