तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार

 


- चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में मचा कोहराम

मीरजापुर, 13 जुलाई (हि.स.)। वाराणसी-मीरजापुर नेशनल हाईवे-35 पर अचीतपुर गांव के पास रविवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान विनोद कुमार यादव (35), निजामुद्दीनपुर निवासी के रूप में हुई। वह जिवनाथपुर स्थित पराग डेयरी में कार्यरत थे। विनोद बाइक से घर लौट रहा था। अचीतपुर गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंच गए। विनोद की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां श्रेया (14), प्रियांशी (12), सृष्टि (6) और 10 वर्षीय पुत्र अंश को छोड़ गए हैं।

थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा