महिलाने तीन बच्चों को जहर देकर खुद भी खाया, मां-बेटी की मौत

 


- पति पर दूसरी शादी के संदेह और पारिवारिक विवाद के बीच उठाया आत्मघाती कदम, दो बेटियों का इलाज जारी

मीरजापुर, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित परसौना गांव में सोमवार को पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला ने कथित रूप से अपने तीन बच्चों को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चियों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन राजकुमार मीणा के अनुसार, परसौना गांव निवासी धर्मेंद्र धरिकार की पत्नी कुसुम (38) ने अपनी तीन बेटियों मधु (12), राधिका (10) और सत्या (8) को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी जहर खा लिया। सभी को गंभीर हालत में पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान कुसुम और राधिका की मौत हो गई, जबकि मधु और सत्या का इलाज जारी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुसुम का पति धर्मेंद्र धरिकार दिल्ली में रहता है। महिला को संदेह था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है, जिससे दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 12 जुलाई को महिला के मायके शीतलगढ़ में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था कि धर्मेंद्र अगले दिन कुसुम को साथ लेकर जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद महिला ने यह कदम उठा लिया।

मड़िहान थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा